Breaking News

Ranji Trophy Final: पहले दिन मुंबई के सरफराज खान ने रचा इतिहास, राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को छोड़ा पीछे

मध्य प्रदेश के गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के सामने सितारे खिलाड़ियों से सजी मुंबई की टीम रणजी ट्रॉफी फाइनल के पहले दिन बुधवार यानी 22 नवंबर 2022 को पहली पारी में 5 विकेट पर 248 रन ही बना पाई। कप्ताान पृथ्वी शॉ (79 गेंद में 47 रन) और यशस्वी जायसवाल (163 गेंद में 78 रन) ने पहले विकेट के लिए 87 रन जोड़े। हालांकि, मुंबई अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रही। बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम की पिच पर शॉट खेलना आसान भी नहीं है।

मुंबई की उम्मीद अब इस सीजन के सबसे सफल बल्लेबाज सरफराज खान पर टिकी हैं। सरफराज खान पहले दिन का खेल खत्म होने के समय 125 गेंद में 40 रन और शम्स मुलानी 43 गेंद में 12 रन बनाकर नाबाद थे। सरफराज रणजी ट्रॉफी के इस सीजन 800 रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को भी पीछे छोड़ा। सरफराज खान रणजी ट्रॉफी में 2000 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों के औसत के मामले में रूसी मोदी के साथ संयुक्त रूप से तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

अब उनसे ऊपर सिर्फ सचिन तेंदुलकर और विजय मर्चेंट ही हैं। सरफराज खान अब तक रणजी ट्रॉफी के 23 मैचों में 81.7 के औसत से 2288 रन बना चुके हैं। इसमें उनके 7 शतक भी शामिल हैं। इस मैच से पहले तक सरफराज खान ने 24 प्रथम श्रेणी मैचों में 81 के औसत से 2351 रन बनाए थे। इसमें उनकी नाबाद 301 रन की सबसे बड़ी पारी भी शामिल है। सचिन तेंदुलकर ने 38 मैचों में 87.4 के औसत से 4281 रन बनाए थे। इसमें उनके 18 शतक शामिल थे।

विजय मर्चेंट ने 32 रणजी मैचों में 98.4 के औसत से 3639 रन बनाए थे। इसमें उनके 16 शतक थे। रूसी मोदी ने 29 मैचों में 81.7 के औसत से 2696 रन बनाए थे। उनके 10 शतक थे। राहुल द्रविड़ ने 48 मैचों में 81.2 के औसत से 4874 रन बनाए थे। इसमें उनके 17 शतक थे। वहीं, वीवीएस लक्ष्मण ने 53 मैचों में 80.1 के औसत से 5764 रन बनाए थे। इसमें उनके 23 शतक थे।

Ranji Trophy Final 2021 22
सरफराज खान का रिकॉर्ड (सोर्स- ट्विटर/बीसीसीआई)

मैच की बात करें तो बाएं हाथ के स्पिनर कुमार कार्तिकेय ने 31 ओवर गेंदबाजी की। उन्होंने 91 रन देकर एक विकेट लिया। तेज गेंदबाज गौरव यादव (25 ओवर में बिना विकेट के 68 रन) ने मुंबई के बल्लेबाजों पर लगातार दबाव बनाया, लेकिन वह विकेट नहीं ले पाए। तेज गेंदबाज अनुभव अग्रवाल ने 56 रन देकर दो, जबकि ऑफ स्पिनर सारांश जैन ने 31 रन देकर दो विकेट चटकाए।

पृथ्वी शॉ ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। उन्होंने यशस्वी जायसवाल के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दिलाई। मध्य प्रदेश ने कार्तिकेय के साथ गेंदबाजी का आगाज किया लेकिन यशस्वी जायसवाल और पृथ्वी शॉ दोनों ने बाएं हाथ के इस स्पिनर पर छक्के जड़े। दोनों तेज गेंदबाजों अनुभव और गौरव को आसमान में छाए बादलों के बीच हवा में मूवमेंट मिली। दोनों ने पिच से भी गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराया।

दिन का सर्वश्रेष्ठ ओवर मुंबई की पारी का 12वां ओवर था जिसमें गौरव ने छह गेंद में पांच बार पृथ्वी शॉ को काफी परेशान किया। उन्होंने पहले अंदर आती हुई गेंद और फिर आउट स्विंग से मुंबई के कप्तान को मुश्किलों में डाला।

दूसरी तरफ, यशस्वी जायसवाल ने पहले 30 रन 52 गेंद में बनाए और फिर पिच को भांपते हुए अधिक सतर्क होकर बल्लेबाजी की। उन्होंने अगले 48 रन 111 गेंद में बनाए। मध्य प्रदेश को पहली सफलता लंच से कुछ मिनट पहले मिली जब अनुभव की गेंद को पृथ्वी विकेटों पर खेल गए।

अरमान जाफर 56 गेंद में 26 रन की पारी के दौरान अच्छी लय में दिखे, लेकिन कार्तिकेय की उछाल लेती गेंद पर शॉर्ट मिडविकेट पर यश दुबे को कैच थमा बैठे। दूसरे सत्र में पिच काफी धीमी हो गई। सुवेद पारकर (18) ने सारांश की गेंद पर विरोधी कप्तान आदित्य श्रीवास्तव को कैच थमाया।

यशस्वी जायसवाल लगातार चौथे शतक की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन अनुभव की गेंद पर स्क्वायर कट खेलने की कोशिश में गली में दुबे को कैच दे बैठे। सारांश ने इसके बाद हार्दिक तमोरे (24) को पहली स्लिप में रजत पाटीदार के हाथों कैच कराके मुंबई को पांचवां झटका दिया।



from Sports News Hindi: खेल समाचार, Sports News (स्पोर्ट्स न्यूज़), Latest Cricket News in Hindi, क्रिकेट न्यूज़, खेल खबर | Jansatta https://ift.tt/oPs4w67

No comments

Thanks for your feedback.