Breaking News

Ranji Trophy: मुंबई के सरफराज खान ने 4 मैच में ठोक दिए 700+ रन, 87 साल के इतिहास में ऐसा करने वाले पहले बल्लेबाज बने

रणजी ट्रॉफी 2021-22 के एक नॉकआउट मुकाबले में 7 मई को मुंबई के बल्लेबाज सरफराज खान ने इतिहास रचा। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा रहे सरफराज खान ने ऐसा कारनामा कर दिखाया जो इस प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट के 87 साल के इतिहास में पहले कोई नहीं कर पाया था। सरफराज खान ने रणजी ट्रॉफी 2021-22 के दूसरे क्वार्टर फाइनल में उत्तराखंड के खिलाफ मैच में 14 चौके और 4 छक्के की मदद से 205 गेंद में 153 रन की पारी खेली।

मुंबई में 22 अक्टूबर 1997 को जन्में सरफराज खान का रणजी ट्रॉफी में यह 7वां शतक है। सरफराज ने अपने पहले सात शतकों में सभी में 150 से अधिक का स्कोर किया है। वह रणजी ट्रॉफी में यह उपलब्धि हासिल करने वाले पहले बल्लेबाज हैं। रणजी ट्रॉफी 2021-22 दूसरे क्वार्टर फाइनल मैच में सरफराज खान और सुवेद पारकर के शतकों के दम पर मुंबई ने दूसरे दिन चायकाल तक 158 ओवर में 6 विकेट पर 598 रन बना लिए थे। सुवेद पारकर 19 चौके और 3 छक्के की मदद से 421 गेंदों में 224 रन बनाकर क्रीज पर थे।

सफराज खान रणजी ट्रॉफी में 2019-20 सीजन से अविश्वसनीय फॉर्म में हैं। मुंबई का यह बल्लेबाज 2019-20 सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों में शीर्ष पर रहा था। उन्होंने 6 मैच में 928 रन बनाए थे। उसमें नाबाद 301 रन की पारी भी शामिल थी। सरफराज ने उस अभियान में मुंबई के लिए 154.66 के औसत से रन बनाए थे।

कोविड-19 महामारी के कारण 2020-21 में कैलेंडर ईयर में रणजी ट्रॉफी के मुकाबले नहीं खेले गए थे। हालांकि, सरफराज का रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 2021-22 के सीजन में लीग चरण में अहमदाबाद में सौराष्ट्र के खिलाफ 275 रन के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने अपने अंतिम लीग-स्टेज मैच में ओडिशा के खिलाफ 165 रन बनाए। इससे पहले गोवा के खिलाफ 63 और 48 रन की पारी खेली थी।

सरफराज खान रणजी ट्रॉफी के मौजूदा सत्र में 4 मैच में 704 रन बना चुके हैं। इसमें उनके 3 शतक शामिल हैं। सरफराज खान का प्रथम श्रेणी क्रिकेट में 80 से अधिक का औसत हो गया है। वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट में (न्यूनतम 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज शामिल) उच्चतम औसत वाले खिलाड़ियों की सूची में महान डोनाल्ड ब्रैडमैन के बाद दूसरे नंबर पर हैं। हालांकि, प्रथम श्रेणी क्रिकेट में लगातार रन बनाने के बावजूद, सरफराज खान को अब भी टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू का इंतजार है।

आईपीएल 2022 में सरफाराज खान को सिर्फ 6 मैच में खेलने को मौका मिला। इसमें उन्होंने 30.33 के औसत और 135.82 के स्ट्राइक रेट से 91 रन बनाए थे। उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 36 रन था। ओवरऑल बात करें तो सरफराज ने अब तक 46 आईपीएल मैच खेले हैं। इसमें उन्होंने 24.18 के औसत और 137.82 के स्ट्राइक रेट से 532 रन बनाए हैं।



from Sports News Hindi: खेल समाचार, Sports News (स्पोर्ट्स न्यूज़), Latest Cricket News in Hindi, क्रिकेट न्यूज़, खेल खबर | Jansatta https://ift.tt/aIEyj3P

No comments

Thanks for your feedback.