Breaking News

IND vs IRE: पिछले साल श्रीलंका दौरे पर 6 खिलाड़ियों ने किया था डेब्यू, एक को भी नहीं मिली जगह; इतिहास रचने वाला ओपनर भी हुआ नजरअंदाज

हार्दिक पंड्या के नेतृत्व में भारतीय क्रिकेट टीम 26 और 28 जून 2022 को आयरलैंड के खिलाफ दो मैच की टी20 सीरीज खेलेगी। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ जारी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में मौजूद 17 में से 14 खिलाड़ी आयरलैंड दौरे के लिए चुने गए हैं। इंग्लैंड दौरे के कारण ऋषभ पंत और श्रेयस अय्यर अनुपलब्ध थे, जबकि केएल राहुल चोटिल हैं। राहुल त्रिपाठी, सूर्यकुमार यादव और संजू सैमसन ने उनकी जगह ली है।

दूसरी पंक्ति की भारतीय टीमों की बात करें तो, शिखर धवन की अगुआई में भारत की 18 सदस्यीय ‘बी’ टीम ने जुलाई 2021 में 3 एकदिवसीय और 3 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए श्रीलंका का दौरा किया था। श्रीलंका के खिलाफ उस टी20 सीरीज में भारत की ओर से 6 खिलाड़ियों ने डेब्यू किया था, लेकिन उन सभी को आयरलैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया है।

चयन समिति ने टेस्ट क्रिकेट में इतिहास रचने वाले बल्लेबाज को भी नजरअंदाज कर दिया है, जबकि आईपीएल 2022 में भी उनका प्रदर्शन अच्छा रहा था। बता दें कि श्रीलंका के खिलाफ सीरीज के पहले मैच से पृथ्वी शॉ और वरुण चक्रवर्ती, दूसरे मैच से देवदत्त पडिक्कल, नितीश राणा और चेतन साकारिया और तीसरे मैच से संदीप वारियर ने अपने टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी।

पृथ्वी शॉ ने श्रीलंका के खिलाफ अपना टी20 इंटरनेशनल डेब्यू किया था, लेकिन वह गोल्डन डक पर आउट हो गए। वह भारतीय खेमे में कोविड-19 (COVID-19) के प्रकोप के कारण अगले दोनों मैचों में खेलने से चूक गए। आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स के लिए अच्छा प्रदर्शन करने के बावजूद पृथ्वी शॉ ने डेब्यू के बाद से अब तक एक भी टी20 इंटरनेशनल मैच नहीं खेला है।

पृथ्वी शॉ ने आईपीएल 2022 में 10 मैच में 28.30 के औसत और 152.97 के स्ट्राइक रेट से 283 रन बनाए। वह बीमार होने के कारण सीजन के कुछ मुकाबलों में नहीं खेल पाए। पृथ्वी शॉ ने डेब्यू टेस्ट में शतक जड़ते हुए रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी थी। वह टेस्ट क्रिकेट में शतक लगाने वाले सबसे युवा भारतीय बने थे। यही नहीं, पृथ्वी शॉ टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए सबसे तेज शतक लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी भी बने थे।

वरुण चक्रवर्ती ने श्रीलंका के खिलाफ टी20 डेब्यू किया। वह टी20 विश्व कप 2021 के लिए भी टीम इंडिया में चुने गए। हालांकि, उन्हें उस मेगा इवेंट के बाद टीम से बाहर कर दिया गया। ऐसा लगता है कि वरुण इस साल टी20 विश्व कप के लिए टीम मैनेजमेंट की योजना का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि उन्हें आयरलैंड दौरे के लिए नहीं चुना गया।

चेतन साकारिया ने डेब्यू टी20 इंटरनेशनल मैच में एक विकेट लिया था। वह सीरीज के तीसरे मैच में भी खेले, लेकिन कोई गेंद नहीं फेंकी। आईपीएल 2022 के बाद अर्शदीप सिंह ने टी20 इंटरनेशनल में भारत का बाएं हाथ का तेज गेंदबाज बनने की रेस में साकारिया को पछाड़ दिया है।

देवदत्त पडिक्कल इस साल रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (आरसीबी) से राजस्थान रॉयल्स (आरआर) में गए, लेकिन वह अपने पिछले प्रदर्शन को दोहरा नहीं पाए। इसमें बल्लेबाजी क्रम भी उनकी राह का रोड़ा बना। श्रीलंका दौरे के बाद चयनकर्ताओं ने पडिक्कल को बाद की सीरीज के लिए नजरअंदाज किया।

नितीश राणा आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हालाँकि, उन्हें दक्षिण अफ्रीका और आयरलैंड के खिलाफ सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया। नितीश राणा ने श्रीलंका के खिलाफ दो पारियों में 55.55 की स्ट्राइक रेट से महज 15 रन बनाए। ऐसा लग रहा है कि टीम इंडिया में वापसी के लिए उन्हें और मेहनत करनी होगी।

संदीप वारियर ने श्रीलंका के खिलाफ अपने पहले टी20 इंटनेशनल मैच में 23 रन दिए, लेकिन कोई विकेट लेने में सफल नहीं हुए। उन्होंने एक नेट गेंदबाज के रूप में टीम के साथ यात्रा की थी, लेकिन तीसरे टी20 इंटरनेशल में देश के लिए खेलने का मौका मिला। दिलचस्प यह है कि संदीप वारियर आईपीएल 2022 मेगा ऑक्शन में अनसोल्ड रहे। उन्हें आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भी नहीं चुना गया।



from Sports News Hindi: खेल समाचार, Sports News (स्पोर्ट्स न्यूज़), Latest Cricket News in Hindi, क्रिकेट न्यूज़, खेल खबर | Jansatta https://ift.tt/vKjqWZF

No comments

Thanks for your feedback.