Breaking News

विराट कोहली को पीछे छोड़ जो रूट ने हासिल की बड़ी उपलब्धि, पिछले दो साल में फैब फोर में 2000 रन बनाने वाले इकलौते बल्लेबाज

लॉर्ड्स में पहले टेस्ट के दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ इंग्लैंड के बल्लेबाज जो रूट ने बड़ी उपलब्धि हासिल की। वह 10,000 रनों बनाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में शामिल हो गए। फिलहाल वह विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और केन विलियमसन वाले ‘फैब फोर’ बल्लेबाजों में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। ‘फैब फोर’ को इस पीढ़ी का सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज माना जाता है।

रूट ने अबतक 118 टेस्ट में 49.57 की औसत से 10,015 रन बनाए हैं। खेल के सबसे लंबे प्रारूप में बल्लेबाज के नाम 26 शतक और 53 अर्धशतक हैं। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ स्कोर 254 है। पिछले दो साल से रूट बल्ले से शानदार फॉर्म में हैं। रूट ने 26 मैचों में 53.68 की औसत से 2,416 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 228 रहा है और नौ शतक और पांच अर्धशतक लगाए हैं।

स्टार भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दूसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 101 टेस्ट में 49.95 की औसत से 8,043 रन बनाए हैं। उन्होंने 27 शतक और 28 अर्धशतक बनाए हैं। पिछले दो सालों से कोहली अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने 15 मैचों में 30.88 की औसत से 803 रन बनाए हैं। 79 के सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ उनके बल्ले से केवल छह अर्धशतक ही निकले हैं। वह 2019 के अंत से अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने में नाकाम रहे हैं।

इसके बाद ऑस्ट्रेलिया के स्टीव स्मिथ हैं। उन्होंने 85 टेस्ट में 59.77 की औसत से 8,010 रन बनाए हैं। उन्होंने खेल के सबसे लंबे प्रारूप में 27 शतक और 36 अर्धशतक बनाए हैं। स्मिथ ने पिछले दो साल से बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने 12 मैचों में 41.21 की औसत से 783 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से एक शतक और सात अर्धशतक निकले हैं, जिसमें सर्वश्रेष्ठ 131 हैं।

न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन टेस्ट रनों के मामले में ‘फैब फोर’ में सबसे नीचे हैं। उन्होंने 87 टेस्ट में 52.81 की औसत से 7,289 रन बनाए हैं। उन्होंने 24 शतक और 33 अर्धशतक बनाए हैं। पिछले दो साल में विलियमसन ने भी टेस्ट में बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है। सात मैचों में उन्होंने 73.90 की औसत से 813 रन बनाए हैं। उनके बल्ले से तीन शतक और एक अर्धशतक निकला है। पिछले दो वर्षों के दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ व्यक्तिगत स्कोर 251 है।



from Sports News Hindi: खेल समाचार, Sports News (स्पोर्ट्स न्यूज़), Latest Cricket News in Hindi, क्रिकेट न्यूज़, खेल खबर | Jansatta https://ift.tt/SzrR4Fc

No comments

Thanks for your feedback.