Breaking News

नई दिल्लीः भारत की अर्थव्यवस्था RRR मूवी सरीखी, जैसे फिल्म दौड़ रही वैसे ही ढर्रे पर इकॉनमी- बोले पीयूष गोयल

भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर केंद्रीय वाणिज्य मंत्री ने कहा कि देश की इकॉनमी तेज रफ्तार से बढ़ रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह आरआरआर फिल्म की तरह दौड़ रही है। जैसे फिल्म कमाई में रिकॉर्ड तोड़ रही है, वैसे ही देश की इकॉनमी भी रिकॉर्ड तरीके से आगे बढ़ रही है।

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था तेलुगू फिल्म, आरआरआर जैसे रिकॉर्ड तोड़ रही है। उन्होंने कहा कि भारत का व्यापारिक निर्यात 2021-22 वित्तीय वर्ष में 418 बिलियन अमरीकी डॉलर के रिकॉर्ड उच्च स्तर पर पहुंच गया है। उन्होंने दिल्ली में एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए कहा- “आरआरआर फिल्म शायद देश की सबसे बड़ी फिल्म है, और इसने 750 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई की है। इसी तरह, मुझे लगता है कि भारत की अर्थव्यवस्था भी रिकॉर्ड के बाद रिकॉर्ड तोड़ रही है।”

उन्होंने कहा कि इस साल 23 मार्च को भारत का व्यापारिक निर्यात 400 अरब डॉलर के लक्ष्य को पार कर गया। प्रमुख निर्यातों में पेट्रोलियम उत्पाद, इंजीनियरिंग, रत्न और आभूषण, रसायन और फार्मास्यूटिकल्स शामिल हैं। शीर्ष पांच निर्यात देशों में अमेरिका, संयुक्त अरब अमीरात, चीन, बांग्लादेश और नीदरलैंड शामिल है।

वहीं गेहूं का निर्यात 2019-20 के 2 लाख टन से बढ़कर 2021-22 में 70 लाख टन से अधिक हो गया है। जबकि 2020-21 में यह आंकड़ा 21.55 लाख टन रहा था। वहीं केंद्रीय मंत्री का कहना है कि इस बार गेहूं का निर्यात 100 लाख टन को पार सकता है। उन्होंने कहा- “हम यूक्रेन और रूस में संघर्ष से प्रभावित देशों को बड़े पैमाने पर गेहूं का निर्यात करना जारी रखेंगे और इस साल आराम से 100 लाख टन गेहूं निर्यात करने की उम्मीद है।”

हालांकि सरकार ने आयात पर डेटा जारी नहीं किया जो आमतौर पर आधिकारिक मासिक निर्यात आंकड़ों के साथ होता है। फरवरी 2022 तक कुल व्यापारिक आयात 550 बिलियन डॉलर को पार कर गया था। 2020-21 में माल आयात 393.6 अरब डॉलर रहा था।



from National News in Hindi, Latest India’s News in Hindi, Hindi National News, नेशनल न्यूज़ - Jansatta | Jansatta https://ift.tt/NAbFYuQ

No comments

Thanks for your feedback.