Breaking News

Ranji Trophy: IPL में 20 लाख में बिके सरफराज खान ने नौवीं पारी में ठोका चौथा शतक, ललित यादव ने भी जड़ी अपनी पहली सेंचुरी

Ranji Trophy 2021-22: मुंबई के ऑलराउंडर सरफराज नौशाद खान (Sarfaraz Naushad Khan) का रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन जारी है। उन्होंने 18 फरवरी 2022 को 275 रन की पारी खेली। सरफराज ने 401 गेंदें खेलीं और 30 चौके और 7 छक्के लगाए। उन्होंने अजिंक्य रहाणे के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 252 रन की साझेदारी की। अजिंक्य रहाणे ने 129 रन बनाए।

सरफराज का पिछली 9 पारियों में यह चौथा शतक है। इसमें उनका एक तिहरा और दो दोहरे शतक भी शामिल हैं। सरफराज ने पिछली 9 पारियों में कुल 1195 रन बनाए हैं। सरफराज ने पिछली 9 पारियों में क्रमशः नाबाद 71 (140), 36 (39), नाबाद 301 (391), नाबाद 226 (213), 25 (32), 78 (126), 177 (219), 6 (9) और 275 (401) रन बनाए हैं।

वहीं, दिल्ली के ऑलराउंडर ललित यादव भी अपने प्रथम श्रेणी करियर का पहला शतक लगाने में सफल रहे। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में सरफराज और ललित दोनों ही दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा हैं। आईपीएल मेगा ऑक्शन 2022 में दिल्ली कैपिटल्स ने सरफराज को 20 लाख और ललित को 65 लाख रुपए में खरीदा था।

ललित यादव ने गुवाहाटी में 18 फरवरी 2022 को अपने प्रथम श्रेणी करियर का पहला शतक लगाया। उनके शतक की मदद से दिल्ली ने रणजी ट्रॉफी ग्रुप एच के मैच में तमिलनाडु के खिलाफ पहली पारी में 452 रन बनाए।

दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय तक तमिलनाडु ने पहली पारी में 30 ओवर में 2 विकेट पर 75 रन बना लिए थे। ललित यादव ने 177 रन की लाजवाब पारी। ललित ने सुबह 45 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई। उन्होंने 287 गेंदों का सामना करके 17 चौके और 10 छक्के लगाए।

अहमदाबाद में रणजी ट्रॉफी डी के मैच में सरफराज की मदद से मुंबई ने सौराष्ट्र के खिलाफ अपनी पहली पारी 7 विकेट पर 544 रन पर घोषित की। सौराष्ट्र ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने के समय अपनी पहली पारी में एक विकेट पर 18 रन बनाए थे। हार्विक देसाई छह और स्नेल पटेल 11 रन पर नाबाद थे।

तीसरे दिन यानी 19 फरवरी 2022 को सभी की निगाहें चेतेश्वर पुजारा पर होंगी। पुजारा को बड़े स्कोर की दरकार है। भारतीय टीम के उनके साथी अजिंक्य रहाणे शतक ठोककर श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए अपना दावा पेश कर चुके हैं।

ग्रुप डी के ही एक अन्य मैच में ओडिशा ने गोवा पर पहली पारी में आठ रन की मामूली बढ़त हासिल की। ओडिशा ने रुपेश धूपर (नाबाद 71) रन की पारी से गोवा के 181 रन के जवाब में 189 रन बनाए। गोवा ने दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में दो विकेट पर 87 रन बनाकर 79 रन की बढ़त हासिल की।

The post Ranji Trophy: IPL में 20 लाख में बिके सरफराज खान ने नौवीं पारी में ठोका चौथा शतक, ललित यादव ने भी जड़ी अपनी पहली सेंचुरी appeared first on Jansatta.



from खेल – Jansatta https://ift.tt/sTKWPB7

No comments

Thanks for your feedback.